देहरादून। उत्तराखंड फिल्म, टेलीविजन एण्ड रेडियो एसोसिएशन (UFTARA) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से संगठन की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। बैठक में उत्तराखंड में फिल्म उद्योग, कला, संगीत, एवं तकनीकी क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, कलाकारों के हितों की रक्षा करने तथा प्रदेश के उभरते कलाकारों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड में फिल्म निर्माण की अपार संभावनाएं हैं, जिन्हें सही दिशा और मंच देने की आवश्यकता है। नई कार्यकारिणी प्रदेश में क्षेत्रीय सिनेमा को बढ़ावा देने, स्थानीय कलाकारों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा फिल्म, टीवी और डिजिटल मीडिया से जुड़े लोगों को एकजुट करने के लिए निरंतर कार्य करेगी। इसके साथ ही तकनीकी रूप से दक्ष युवाओं को प्रोत्साहित करने और आधुनिक फिल्म निर्माण प्रक्रियाओं से जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।
इस अवसर पर संगठन की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें अध्यक्ष पद पर श्री प्रदीप भंडारी, उपाध्यक्ष के रूप में श्री अमर देव गोदियाल, महासचिव के रूप में श्री कांता प्रसाद, कोषाध्यक्ष के रूप में श्री प्रमोद बेलवाल, सहसचिव के रूप में श्री नंदन सिंह कंडारी तथा प्रचार सचिव के रूप में श्री नागेन्द्र प्रसाद को जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अतिरिक्त सदस्य के रूप में श्री गंभीर सिंह जयाडा, श्री चंद्रवीर गायत्री एवं श्री मुकेश धस्माना को शामिल किया गया है।
नवगठित कार्यकारिणी ने संगठन के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि वे पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। साथ ही उन्होंने उत्तराखंड के फिल्म एवं मनोरंजन उद्योग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने का संकल्प भी दोहराया।
