पंचकेदारों में तृतीय केदार भगवान श्री तुंगनाथ धाम के कपाट आज शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए हैं

Uttarakhand News

रुद्रप्रयाग जनपद के चोपता क्षेत्र में समुद्र तल से लगभग 3,680 मीटर की ऊंचाई पर स्थित पंचकेदारों में तृतीय केदार भगवान श्री तुंगनाथ धाम के कपाट आज शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए हैं।

कपाट बंद होने के पावन अवसर पर मन्दिर परिसर को आकर्षक ढंग से फूलों से सजाया गया। वैदिक मंत्रोच्चार, धार्मिक अनुष्ठानों एवं पारम्परिक रीति-रिवाजों के साथ कपाट बंद करने की प्रक्रिया सम्पन्न हुई। इस दौरान मन्दिर के पुजारी वेदपाठी अभिषेक मैठाणी ने धार्मिक परम्पराओं के अनुसार पूजा-अर्चना एवं अनुष्ठान सम्पन्न कराए। इस अवसर पर मन्दिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।

तीन पड़ावों से होकर शीतकालीन गद्दीस्थल पहुंचेगी बाबा की उत्सव डोली – कपाट बंद होने के उपरान्त भगवान तुंगनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली ने अपने शीतकालीन गद्दीस्थल मक्कूमठ के लिए प्रस्थान कर लिया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आज प्रथम रात्रि प्रवास चोपता में होगा। 07 नवम्बर को डोली भनकुण्ड पहुंचेगी तथा 08 नवम्बर को शीतकालीन गद्दीस्थल श्री मर्कटेश्वर मंदिर मक्कूमठ में विराजमान होगी। इसके पश्चात शीतकाल में भगवान तुंगनाथ की पूजा-अर्चना मक्कूमठ में ही सम्पन्न होगी।

भगवान तुंगनाथ धाम पंचकेदारों में तृतीय केदार के रूप में पूजनीय है। धार्मिक मान्यता के अनुसार यहां भगवान शिव की भुजाओं की पूजा होती है। समुद्र तल से लगभग 3,680 मीटर की ऊंचाई पर स्थित यह पवित्र धाम विश्व के सबसे ऊंचाई पर स्थित शिव मंदिरों में प्रसिद्ध है।

पुराने वर्षों का भी रहा है विशेष संयोग – तुंगनाथ धाम के कपाट वर्ष 2019 में भी 06 नवम्बर को शीतकाल के लिए बंद हुए थे। वर्ष 2025 में भी कपाट बंद होने की तिथि 06 नवम्बर थी। इस वर्ष इसी तिथि को कपाट बंद हुए हैं।

इस पावन अवसर पर मन्दिर के पुजारी वेदपाठी अभिषेक मैठाणी, अन्य पुजारी गण, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ऊखीमठ मनोज नेगी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, आम जनमानस एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *