चमोली में आयोजित हुआ विकसित भारत युवा संसद 2026

Uttarakhand News

आज मेरा युवा भारत चमोली, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई, पीजी कॉलेज गोपेश्वर के संयुक्त तत्वावधान में विकसित भारत युवा संसद 2026 का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन पीजी कॉलेज गोपेश्वर में किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि लक्ष्मण सिंह खत्री (पूर्व सैनिक), उपाध्यक्ष जिला पंचायत चमोली ने युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए नागरिकों का जागरूक एवं सजग रहना अत्यंत आवश्यक है, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार से गैरकानूनी ढंग से आपातकाल जैसी स्थिति उत्पन्न न हो सके। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सभी संवैधानिक मूल्यों का सम्मान करें तथा जाति और रंगभेद से ऊपर उठकर समाज सेवा की भावना रखने वाले प्रत्याशियों का चयन करें।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि प्रो. एम.पी. नागवाल, प्राचार्य, पीजी कॉलेज गोपेश्वर ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र की शुरुआत हमारे घर और व्यक्तिगत जीवन से होती है। उन्होंने युवाओं से अधिक अनुशासित बनने और देश को भीतर से सशक्त बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने मौलिक कर्तव्यों का पालन करना चाहिए।

जिला स्तर पर आयोजित इस युवा संसद में जनपद चमोली के कुल 23 प्रतिभागियों ने भाग लिया। निर्णायकों द्वारा विचार-विमर्श के उपरांत ऐश्वर्या, मनीषा, विपिन, नेहा जोशी एवं मंजेश नेगी का चयन राज्य स्तर के लिए किया गया। ये प्रतिभागी अब देहरादून स्थित विधानसभा में जनपद चमोली का प्रतिनिधित्व करेंगे।

कार्यक्रम के निर्णायक मंडल में डॉ. पी.सी. मैठानी, पूर्व सलाहकार, भारत सरकार, डॉ. हिमांशु थपलियाल, राजनीति वैज्ञानिक, शेखर रावत वरिष्ठ पत्रकार, श्री सुनील पुंडीर सामाजिक उद्यमी एवं विवेक सोनी अजीम प्रेमजी काउंसलर शामिल रहे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में राहुल डबराल उपनिदेशक, मेरा युवा भारत, चमोली, डॉ. डी.एस. नेगी, वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी, एनएसएस, पीजी कॉलेज गोपेश्वर, डॉ. प्रेम लता, कार्यक्रम सहायक, राजेंद्र प्रसाद, कार्यालय सहायक, मेरा युवा भारत, चमोली सहित सुमन एवं नरेंद्र, स्वयंसेवक और अन्य गणमान्य व्यक्तियों का सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *