प्रधानमंत्री ने दिल्ली में विभिन्न विकास परियोजनाओं के शुभारंभ की झलकियां साझा की

National news

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली में आयोजित विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण समारोह के मुख्य अंश साझा किए हैं।

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट की एक श्रृंखला में लिखा:

“दिल्ली में सरोजिनी नगर के जीपीआरए क्वार्टर में महिला आवंटियों को उनके नए घरों की चाबियां सौंपकर अत्यंत प्रसन्नता हुई। सरकारी कर्मचारियों के लिए आधुनिक सुविधाओं वाले ये घर इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास को लेकर हमारी प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण हैं।”

“अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जीपीआरए क्वार्टर के निर्माण में अहम योगदान देने वाली हमारी नारीशक्ति से संवाद कर नई ऊर्जा की अनुभूति हुई है।”

“आज मुझे दिल्ली मेट्रो से जुड़ी एक प्रदर्शनी का अवलोकन करने का सुअवसर प्राप्त हुआ। इस प्रदर्शनी के माध्यम से यह समझने को मिला कि तेजी से विस्तार कर रही मेट्रो रेल किस प्रकार दिल्लीवासियों के जीवन को अधिक सुगम और सुविधाजनक बना रही है।”

“अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर अपनी माताओं-बहनों और बेटियों से संवाद का सुअवसर मिला। इस दौरान नारीशक्ति का आत्मविश्वास देखकर गर्व की अनुभूति हुई।”

“आज नई दिल्ली में नारीशक्ति को आयुष्मान कार्ड और स्वनिधि क्रेडिट कार्ड सौंपने का सौभाग्य मिला। उनकी स्वास्थ्य सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।”

“विकास को लेकर दिल्ली के मेरे परिवारजनों का जोश और उत्साह अभिभूत कर गया।”

“दिल्ली का विकास पूरे देश की छवि से जुड़ा है। इसलिए यहां मेट्रो सुविधाओं के साथ इंफ्रास्ट्रक्चर के तेज विस्तार को देखकर मुझे बहुत खुशी हो रही है।”

“’आप’दा वालों का तरीका था- काम कम, बहाने ज्यादा। आज दिल्ली में विकास का मॉडल है- बहाने बंद, काम शुरू।”

“हमारी सरकार ने रेहड़ी-पटरी वाले साथियों के लिए स्वनिधि क्रेडिट कार्ड का अभियान चलाया है। ये कार्ड गरीब के स्वाभिमान का नया माध्यम बन रहा है।”

“अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर मैं आज बड़े गर्व के साथ कहता हूं कि देश ने 3 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का जो संकल्प लिया था, वह पूरा हो चुका है। आज हम संकल्प ले रहे हैं कि 3 करोड़ और दीदियां लखपति दीदी बनेंगी।”

“आज देश अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मना रहा है और कल पश्चिम बंगाल में टीएमसी सरकार ने देश की राष्ट्रपति आदरणीय द्रौपदी मुर्मु जी का घोर अपमान किया। उनका कार्यक्रम बदइंतजामी के हवाले कर दिया। पश्चिम बंगाल की प्रबुद्ध जनता टीएमसी को एक नारी के अपमान, एक आदिवासी के अपमान और देश की महामहिम राष्ट्रपति के अपमान के लिए कभी माफ नहीं करेगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *