सुरक्षित राजमार्गों के लिए समयबद्ध कार्यनिष्पादन, गुणवत्तापूर्ण निर्माण और मानसून की तैयारियों पर जोर

National news

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी ने मीडिया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से मिली सूचनाओं के आधार पर आज पंजाब में 4,335 किलोमीटर और दिल्ली और हरियाणा में 3,332 किलोमीटर की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की गुणवत्ता और रखरखाव की प्रगति की समीक्षा की।

नई दिल्ली में आयोजित समीक्षा बैठक में केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्य मंत्री श्री अजय टम्टा और श्री हर्ष मल्होत्रा तथा सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों और परियोजना ठेकेदारों ने भाग लिया।

जमीनी स्तर पर काम में तेजी लाने पर ध्यान केंद्रित करने पर जोर

श्री गडकरी ने समीक्षा बैठक में राजमार्ग परियोजनाओं के जमीनी स्तर पर कार्य निष्पादन में तेजी लाने और उन्हें समय पर पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदारों से तालमेल बढ़ाने और परियोजना की समय-सीमा का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया।

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री ने परियोजना गुणवत्ता की निरंतर निगरानी के महत्व पर जोर देते हुए एजेंसियों को राष्ट्रीय राजमार्गों के स्थायित्व और लंबे समय तक व्यावहारिक उपयोग बढ़ाने के लिए आधुनिक निर्माण प्रौद्योगिकियों और सर्वोत्तम इंजीनियरिंग प्रथा अपनाने के निर्देश दिए।

गुणवत्ताटिकाऊपन और निर्बाध संपर्क मार्ग पर विशेष बल

श्री गडकरी ने पंजाब, दिल्ली और हरियाणा के प्रमुख राजमार्गों पर यात्रा गुणवत्ता बेहतर बनाने और निर्बाध सड़क संपर्क सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण और रखरखाव में उच्च मानकों को प्राथमिकता देने को कहा, जिससे यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और अधिक कुशल यात्रा अनुभव मिले।

श्री गडकरी ने रखरखाव कार्यों में दायित्वपूर्ण रुख अपनाने और कमियों की पहचान कर समय से मरम्मत का काम पूरा करने के लिए नियमित निरीक्षण पर जोर दिया।

मानसून की अग्रिम तैयारी के निर्देश

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री ने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं में मानसून की तैयारी हेतु अग्रिम उपाय करने के निर्देश दिए। उन्होंने मानसून काल में मार्ग व्यवधान में कमी तथा यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मार्ग से प्रभावी जल निकासी प्रबंध, ढलान संरक्षित रखने के उपाय और त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र अपनाने के महत्व पर जोर दिया।

श्री गडकरी ने संबंधित एजेंसियों को सतर्कता बरतने तथा जलभराव, भू-कटाव और मौसम संबंधी अन्य चुनौतियों से तत्परता से निपटकर निर्बाध यातायात सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *