सेवा, सुशासन और विकास के 12 वर्षो का कार्यकाल बेमिसाल, अंत्योदय को समर्पित-विधायक

Uttarakhand News

देहरादून। केंद्र सरकार के गौरवमयी 12 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक उपलक्ष्य में आज देहरादून जनपद के सभी विकासखंडों में बहुउद्देशीय जन कल्याणकारी शिविरों का भव्य आयोजन किया गया। इसी कड़ी में विकासखंड रायपुर सभागार में क्षेत्र पंचायत प्रमुख सरोजनी जवाड़ी की अध्यक्षता में एक विशाल जनकल्याण शिविर आयोजित हुआ, जिसमें रायपुर विधायक उमेश शर्मा (काऊ) ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया।

शिविर का शुभारंभ करते हुए मुख्य अतिथि व रायपुर विधायक उमेश शर्मा (काऊ) ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल को बेमिसाल और देश के नवनिर्माण का काल बताया। उन्होंने कहा माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने अभूतपूर्व विकास देखा है। आज आयुष्मान भारत, पीएम सूर्य घर (मुफ़्त बिजली योजना), लखपति दीदी और उज्ज्वला जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं ने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के जीवन को सुगम और समृद्ध बनाया है।

उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से करोड़ों नागरिकों को निःशुल्क स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिला है, जबकि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ने ग्रामीण महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाकर उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है। पीएम सूर्य घर योजना के माध्यम से स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ-साथ परिवारों के बिजली खर्च में कमी लाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं लखपति दीदी अभियान ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है। विधायक ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि केंद्र और राज्य की ‘डबल इंजन’ सरकार आपसी समन्वय से समूचे देश और उत्तराखंड को विकास की तीव्र गति देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी अपर्णा बहुगुणा ने मुख्य अतिथि, जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थित नागरिकों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे शिविर सरकार और जनता के बीच संवाद का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने बताया कि शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों का मार्गदर्शन भी किया गया।

शिविर में कृषि, उद्यान, उद्योग, पर्यटन, अग्रणी बैंक, समाज कल्याण, पंचायतीराज, स्वास्थ्य, रेशम, उरेडा, बाल विकास, पशुपालन, सिंचाई, पेयजल, ग्राम्य विकास, एनआरएलएम तथा बैंकिंग क्षेत्र से संबंधित विभागों सहित कुल 15 विभागों ने स्टॉल लगाए। विभागीय अधिकारियों ने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए नागरिकों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। जनकल्याण शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, युवाओं तथा जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। जनपद के अन्य विकासखंडों में भी जन कल्याणकारी शिविरों का सफल आयोजन करते हुए आम जनता को लाभान्वित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *