टिहरी में आयोजित दो दिवसीय एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम के तहत आज विशेष फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया

Uttarakhand News

हर घर तिरंगा अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), देहरादून, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा न्यू टिहरी में आयोजित दो दिवसीय एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम के तहत आज विशेष फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन राज्य के कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी ने किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशवासियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और गौरव की भावना को और मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

न्यू टिहरी में आयोजित इस विशेष फोटो प्रदर्शनी में ‘हर घर तिरंगा’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘विभाजन की विभीषिका’ जैसे विषयों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन, युवाओं और विद्यार्थियों को भारतीय राष्ट्रीय ध्वज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता आंदोलन, ‘वंदे मातरम्’ की ऐतिहासिक विरासत तथा वर्ष 1947 के विभाजन से जुड़े महत्वपूर्ण घटनाक्रमों की जानकारी दी जा रही है।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित तिरंगा रैली में चम्बा ब्लॉक के कई स्कूलों के विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली में अपर जिला मजिस्ट्रेट श्री शैलेन्द्र सिंह नेगी, एसडीएम श्री कमलेश मेहता और जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम सहित जिला प्रशासन के कई अधिकारी और कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।

केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून के कार्यक्रम अधिकारी श्री अनिल दत्त शर्मा ने बताया कि फोटो प्रदर्शनी के साथ विद्यार्थियों के लिए विभिन्न जागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियां भी आयोजित की गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *