आज भारतीय मानक ब्यूरो (BIS), देहरादून शाखा कार्यालय द्वारा हल्द्वानी में ज्वैलर्स के लिए हॉलमार्किंग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में BIS देहरादून के निदेशक एवं प्रमुख श्री हेमंत बी. आडे तथा हॉलमार्किंग अधिकारी श्री सचिन चौधरी ने हॉलमार्किंग व्यवस्था में किए गए नवीन प्रावधानों एवं उपभोक्ता हितों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। कार्यक्रम में 100 से अधिक ज्वैलर्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के राज्य मंत्री श्री नवीन वर्मा, व्यापार मंडल के सचिव श्री राजेश अग्रवाल तथा सर्राफा बाजार के अध्यक्ष श्री हेम प्रकाश वर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर श्री हेमंत बी. आडे, निदेशक एवं प्रमुख, BIS देहरादून ने बताया कि BIS द्वारा BIS Care ऐप में अब हॉलमार्क वाले सोने के आभूषण की फोटो एवं वजन की जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है। इससे उपभोक्ता BIS Care ऐप के माध्यम से अपने खरीदे गए सोने के आभूषण की जानकारी का सत्यापन कर सकेंगे तथा आभूषण खरीद में पारदर्शिता और विश्वास बढ़ेगा।
हॉलमार्किंग अधिकारी श्री सचिन चौधरी ने बताया कि BIS द्वारा अब चांदी के हॉलमार्क वाले आभूषणों के लिए भी छह अंकों की HUID (Hallmark Unique Identification) व्यवस्था शुरू की गई है। उन्होंने बताया कि उपभोक्ता HUID अंकित चांदी के आभूषण खरीद सकते हैं तथा BIS Care ऐप के माध्यम से उनकी प्रामाणिकता की जांच कर सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि HUID युक्त हॉलमार्क चांदी के आभूषणों के लिए 800 PPT (parts per thousand) न्यूनतम शुद्धता निर्धारित है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों ने उपभोक्ताओं के हित में हॉलमार्किंग व्यवस्था की भूमिका पर प्रकाश डाला और ज्वैलर्स से BIS के मानकों एवं हॉलमार्किंग संबंधी प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
BIS अधिकारियों ने उपस्थित ज्वैलर्स को हॉलमार्किंग की नवीनतम व्यवस्था, HUID तथा BIS Care ऐप की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी और उपभोक्ताओं को प्रमाणित एवं हॉलमार्कयुक्त आभूषण खरीदने के लिए जागरूक करने पर जोर दिया।
