29 नर्सिंग कैडेट्स को दिल्ली स्थित आर्मी हॉस्पिटल (आर एंड आर) में सैन्य नर्सिंग सेवा हेतु लेफ्टिनेंट के पद पर कमीशन प्रदान किया गया

National news

दिल्ली कैंट स्थित आर्मी हॉस्पिटल (रिसर्च एंड रेफरल) में आज दिनांक 14 अक्टूबर, 2026 को आयोजित हुए कमीशनिंग समारोह में कॉलेज ऑफ नर्सिंग के बैच-IX की 29 नर्सिंग कैडेट्स को औपचारिक रूप से सैन्य नर्सिंग सेवा (एमएनएस) में लेफ्टिनेंट के पद पर कमीशन प्रदान किया गया। इस अवसर पर आर्मी हॉस्पिटल (आर एंड आर) के कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल अविनाश दास ने परेड का निरीक्षण किया।

अपने संबोधन में लेफ्टिनेंट जनरल अविनाश दास ने उन मेधावी कैडेट्स को बधाई दी, जिन्हें समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन और शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। उन्होंने नवनियुक्त नर्सिंग अधिकारियों से सैन्य नर्सिंग सेवा (एमएनएस) की समृद्ध परंपराओं, मूल्यों, संस्कृति व गौरवशाली रीति-रिवाजों को बनाए रखते हुए सेवारत सैन्यकर्मियों और उनके परिवारों को उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने का आह्वान किया। लेफ्टिनेंट जनरल ने देश की सेवा में 101 वर्षों से समर्पित, करुणामय और निस्वार्थ योगदान देने के लिए सैन्य नर्सिंग सेवा की सराहना भी की।

नवनियुक्त नर्सिंग अधिकारियों ने चार वर्षों का कठोर प्रशिक्षण और गहन शैक्षणिक अध्ययन सफलतापूर्वक पूरा किया है। कमीशन प्राप्त करने के बाद सभी अधिकारियों ने पेशेवर आचरण के उच्च मानकों को बनाए रखने और अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते समय ‘सेवा पहले, स्वयं बाद में’  के सिद्धांत को प्राथमिकता देने की शपथ ली। समारोह में वरिष्ठ सैन्य अधिकारी, नर्सिंग अधिकारी, संकाय सदस्य और नवनियुक्त अधिकारियों के गर्वित माता-पिता एवं परिजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *