वसंतोत्सव को पूरे उमंग और उत्साह के साथ एक उत्सव के रूप में आयोजित किया जाए- राज्यपाल

Uttarakhand News

लोक भवन, देहरादून में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला वसंतोत्सव इस वर्ष 27 फरवरी से 01 मार्च, 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में आज लोक भवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में राज्यपाल ने निर्देश दिए कि वसंतोत्सव को पूर्ण उमंग, उत्साह और उत्सव के रूप में आयोजित किया जाए तथा इसमें अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए, जिससे आम जनमानस इस आयोजन से सीधे जुड़ सके। उन्होंने वसंतोत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश देते हुए कहा कि यह आयोजन केवल स्थानीय स्तर तक सीमित न रहे, बल्कि इसे अन्य राज्यों से भी जोड़े जाने के प्रयास किए जाएं। इसके लिए अन्य प्रदेशों के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों को आमंत्रित किए जाने के निर्देश भी दिए गए।

राज्यपाल ने निर्देश दिए कि वसंतोत्सव के दौरान आईएचएम, जीएमवीएन तथा राज्य की महिला स्वयं सहायता समूहों के सहयोग से फूड कोर्ट स्थापित किए जाएं, जो पारंपरिक मोटे अनाज (मिलेट) की थीम पर आधारित हो। उन्होंने कहा कि वसंतोत्सव के माध्यम से विशेष रूप से शहद उत्पादन को प्रोत्साहन दिया जाएगा।

बैठक में राज्यपाल ने यह भी घोषणा की कि इस वर्ष से वसंतोत्सव के अवसर पर प्रगतिशील किसान, महिला एवं युवा स्टार्टअप को ‘राज्यपाल विशेष पुरस्कार’ से सम्मानित किया जाएगा। पुष्प उत्पादन के क्षेत्र में इन तीन श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को यह सम्मान प्रदान किया जाएगा। बैठक में राज्यपाल ने आयोजन से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

राज्यपाल ने कहा कि वसंतोत्सव के माध्यम से उत्तराखण्ड में फ्लोरीकल्चर (पुष्प उत्पादन) को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने पुष्प-प्रदर्शनी को व्यावसायिक गतिविधियों से जोड़ने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि राज्य में उत्पादित पुष्पों की न केवल प्रदेश में, बल्कि देशभर में मार्केटिंग की जानी चाहिए। राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखण्ड को शहद, अरोमा एवं मिलेट जैसे उत्पादों का विशेष आशीर्वाद प्राप्त है, अतः इस वर्ष वसंतोत्सव में इन क्षेत्रों पर विशेष फोकस किया जाए।

बैठक में अधिकारियों द्वारा जानकारी दी गई कि पुष्प-प्रदर्शनी में 15 विभिन्न श्रेणियों में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी जिनमें 165 पुरस्कार दिए जाएंगे। वसंतोत्सव में आईटीबीपी, आईएमए, पीएसी, पाइप बैंड और होमगार्ड द्वारा आकर्षक बैंड के माध्यम से प्रस्तुतियां दी जाएंगी। जनपद के लोकप्रिय सांस्कृतिक कार्यक्रमों के रूप में सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इस वर्ष पहली बार एनआईएम उत्तरकाशी द्वारा लाइव डेमो का प्रदर्शन, तथा एनआईवीएच और निरामया योग ग्राम द्वारा योगा प्रदर्शन के अलावा जूडो और मार्शल आर्ट से संबंधित प्रदर्शन भी इस दौरान होंगे। वसंतोत्सव में 5 वर्ष से 18 वर्ष आयु वर्ग के सभी स्कूली बच्चों के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में विभिन्न अनाथालयों में रहने वाले बच्चों, दिव्यांग बच्चों तथा रैग पिकर्स बच्चों को भी शामिल किया जाएगा।

पुष्प-प्रदर्शनी, प्रतियोगिता हेतु विभिन्न श्रेणियों की कई प्रतियोगिताएं प्रस्तावित हैं, जिनमें कट फ्लावर, पॉटेड प्लांट अरेंजमेंट, लूज फ्लावर अरेंजमेंट, हैंगिंग पॉट्स जैसी प्रतियोगिताओं के साथ-साथ ‘ऑन द स्पॉट फोटोग्राफी’ भी आयोजित होगी। हर वर्ष की भांति लिलियम प्रदर्शनी वेजिटेबल गार्डनिंग, बोनसाई गार्डनिंग, सोयल लैस हाइड्रोपोनिक खेती, टेरेरियम और शहद प्रसंस्करण से संबंधित प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जायेगी। व्यावसायिक, निजी पुष्प उत्पादकों सहित विभिन्न सरकारी उद्यानों की पुष्प-प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिता, पुष्प आधारित रंगोली प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी।

इस बैठक में महानिदेशक होमगार्ड डॉ. पी. वी. के. प्रसाद, सचिव श्री राज्यपाल श्री रविनाथ रामन, विधिक सलाहकार श्री कौशल किशोर शुक्ल, सचिव कृषि एवं कृषक कल्याण एस. एन. पाण्डेय, सचिव वित्त डॉ. वी. षणमुगम, अपर सचिव श्री राज्यपाल श्रीमती रीना जोशी, निदेशक उद्यान श्री एस.एल. सेमवाल, संयुक्त निदेशक सूचना डॉ. नितिन उपाध्याय सहित पर्यटन, उद्यान, आई.टी.बी.पी, ओ.एन.जी.सी, आई.एच.एम, जी.एम.वी.एन, भारतीय डाक, वन विभाग, पुलिस तथा संस्कृति आदि विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *