राज्यपाल ने बेंगलुरु स्थित देश के प्रतिष्ठित एवं अग्रणी अनुसंधान संस्थान भारतीय विज्ञान संस्थान (IISc) का भ्रमण किया

Uttarakhand News

देहरादून/बेंगलुरु। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने आज बेंगलुरु स्थित देश के प्रतिष्ठित एवं अग्रणी अनुसंधान संस्थान भारतीय विज्ञान संस्थान (IISc) का भ्रमण किया।

अपने भ्रमण के दौरान राज्यपाल ने एआरटीपार्क (AI & Robotics Technology Park) का अवलोकन किया, जो एआई एवं रोबोटिक्स के क्षेत्र में देश का एक प्रमुख नवाचार केंद्र है। यह पार्क केंद्र एक अत्याधुनिक अनुसंधान एवं स्टार्टअप इकोसिस्टम है, जिसका उद्देश्य स्वास्थ्य, कृषि, शिक्षा, मोबिलिटी और साइबर सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में तकनीकी समाधान विकसित करना है।

राज्यपाल को एआरटी पार्क के मुख्य कार्यकारी अधिकारी द्वारा यहां संचालित अत्याधुनिक शोध, स्टार्टअप इनक्यूबेशन एवं उद्योग-शिक्षा-सरकार के समन्वित मॉडल की जानकारी दी गई।

इसके पश्चात राज्यपाल ने CeNSE (Centre for Nano Science and Engineering) का भ्रमण किया, जो नैनो विज्ञान एवं सेमीकंडक्टर अनुसंधान के क्षेत्र में विश्वस्तरीय केंद्र के रूप में स्थापित है। यहाँ नैनोइलेक्ट्रॉनिक्स, क्वांटम तकनीक, माइक्रो एवं नैनो डिवाइसेज़, सोलर सेल तथा बायोटेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में अत्याधुनिक अनुसंधान किया जा रहा है।

इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि भारतीय विज्ञान संस्थान जैसे संस्थान देश को वैज्ञानिक, तकनीकी एवं नवाचार आधारित आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और नैनो टेक्नोलॉजी के क्षेत्रों में हो रहे कार्यों की सराहना की और इन क्षेत्रों में राज्यों के बीच सहयोग बढ़ाने पर बल दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *